Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

मजार निर्माण के दौरान मिट्टी धंसने से तीन की मौत,एक गंभीर

1 min read

रिपोर्ट -विजय कुमार सोनी

गोन्डा जनपद के छपिया थाना क्षेत्र के पिपरा माहिम गांव में बुधवार रात मजार निर्माण के लिए जेसीबी मशीन से नींव खोदते समय मिट्टी धंसने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुखद घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। चर्चा से प्राप्त जानकारी के अनुसार पिपरा माहिम गांव में मासूम-ए-मिल्लत की मजार के निर्माण के लिए नींव की खुदाई चल रही थी। यह कार्य मजार के देखरेखकर्ता फरजान रजा (38) की निगरानी में हो रहा था। बुधवार रात करीब नौ बजे जेसीबी मशीन से मिट्टी हटाने के दौरान अचानक मिट्टी का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। इस हादसे में फरजान रजा, शकील मोहम्मद (50), अशद (14) और फकीर मोहम्मद (20) मलबे में दब गए। शकील, अशद और फकीर पिपरा माहिम के निवासी थे,जबकि फकीर रजवापुर,थाना मनकापुर का रहने वाला था। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल फरजान रजा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादुल्लाहनगर ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। शकील, अशद और फकीर को मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलते ही छपिया थानाध्यक्ष भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस घटना से गांव में शोक का माहौल है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतकों के परिजनों को सहायता प्रदान करने की मांग की है।अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार ने बताया कि तीन की मृत्यु हो गयी है आगे की कार्यवाही प्रचलित है।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.