मिशन शक्ति अभियान 5.0: छात्राओं ने निकाली जागरूकता रैली, एक दिन के लिए सानिया बनी प्रधानाचार्य
1 min read
श्रीदत्तगंज (बलरामपुर)। गुरुवार को थाना श्रीदत्तगंज द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के तहत मां पूजा देवी मेमोरियल इंटर कॉलेज खरदौरी में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कक्षा 10 की छात्रा सानिया को विद्यालय की एक दिन की प्रधानाचार्य बनाया गया। सानिया के नेतृत्व में छात्राओं ने नारी शिक्षा, आत्मनिर्भरता और महिला अधिकारों के प्रति जागरूकता रैली निकाली। छात्राओं ने “बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ” और “नारी शक्ति, राष्ट्र शक्ति” जैसे नारे लगाकर समाज में जागरूकता का संदेश दिया।थानाध्यक्ष कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में एंटी रोमियो टीम और मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को दहेज और बाल विवाह न करने के लिए जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि बाल विवाह कानूनी अपराध है और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के अंतर्गत इसके लिए सख्त दंड है। साथ ही छात्राओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, वृद्धा पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना जैसी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। छात्राओं को हेल्पलाइन नंबर 1090, 108, 112, 102, 1930, “गुड टच-बैड टच” और साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस विभाग की ओर से थाने पर गठित महिला हेल्प डेस्क के बारे में जानकारी साझा की गई और हर प्रकार के सहयोग का भरोसा दिलाया गया।विद्यालय प्रबंधक धनीराम वर्मा, प्रधानाचार्य पवन कुमार वर्मा और उपप्रधानाचार्य राज किशोर वर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं में नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं। विद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस तरह के आयोजन नारी सशक्तिकरण की भावना को और मजबूत करते हैं।थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य समाज में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण सुनिश्चित करना है। रैली में विद्यालय स्टाफ और छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।इस दौरान उप निरीक्षक मूल चंद्र, कांस्टेबल पवन रावत, कांस्टेबल गुलशेर खान, महिला कांस्टेबल मोना देवी और हेड कांस्टेबल अमरदीप भी मौजूद रहे।