गणतंत्र दिवस व यूपी दिवस को भव्य, पारम्परिक एवं हर्षोल्लासपूर्ण ढंग से मनाने हेतु जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर।गणतंत्र दिवस एवं यूपी दिवस को जनपद में पारम्परिक, हर्षोल्लास एवं भव्य रूप से मनाये जाने के सम्बन्ध में जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में दोनों आयोजनों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनपद के समस्त सरकारी/अर्द्ध सरकारी कार्यालयों तथा शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा एवं राष्ट्रगान का भावपूर्ण गायन सुनिश्चित किया जाये। साथ ही गोष्ठियों के माध्यम से अमर क्रांतिकारियों एवं शहीदों के बलिदान को स्मरण कर उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की जाये। गणतंत्र दिवस पर पुलिस लाइन में परेड का आयोजन किया जायेगा तथा स्टेडियम से दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। इसके अतिरिक्त सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की झांकी निकाली जायेगी, जिसके माध्यम से योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जायेगा।गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शहीद स्मारक एवं स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं पर विशेष रूप से आकर्षक लाइटिंग के साथ सजावट करायी जायेगी। इसके साथ ही सभी सरकारी कार्यालयों पर भी रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी।जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिये कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर समस्त नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई एवं चूना-छिड़काव आदि की व्यवस्था सुदृढ़ की जाये।बैठक में उत्तर प्रदेश दिवस के आयोजन को लेकर भी चर्चा की गई। कलेक्ट्रेट में भव्य कार्यक्रम आयोजित किये जाने की रूपरेखा तय करते हुए निर्देश दिये गये कि यूपी दिवस पर विभागों द्वारा कल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित झांकियाँ निकालकर जनसामान्य को जागरूक किया जाये।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योति राय, अपर जिलाधिकारी न्यायिक , डीएफओ , समस्त उपजिलाधिकारी , पत्रकारगण व अन्य संबंधित अधिकारी / कर्मचारीगण उपस्थित रहें।