डीएम ने किया राज्य भंडारण निगम के भंडारगृह सिरसिया का औचक निरीक्षण
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
पीडीएस व्यवस्था को बेहतर किए जाने हेतु भण्डारगृह की व्यवस्थाओं की समीक्षा, समयबद्ध उठान सुनिश्चित कराने के निर्देश
जनपद में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के अंतर्गत लाभार्थियों को समय से एवं पारदर्शी तरीके से खाद्यान्न उपलब्ध कराए जाने हेतु जिलाधिकारी श्री विपिन कुमार जैन द्वारा उत्तर प्रदेश राज्य भंडारण निगम के भंडारगृह सिरसिया का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोदाम की व्यवस्थाओं, स्टॉक की स्थिति, उठान प्रक्रिया तथा परिवहन व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अनाज उठान हेतु भंडारगृह पर लगी ट्रकों की संख्या की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्धारित ट्रकों की संख्या के अनुरूप ही उठान (Lifting) सुनिश्चित किया जाए तथा यह भी देखा जाए कि उठान की प्रक्रिया समयबद्ध और नियमित रूप से संचालित हो रही है या नहीं।
ट्रकों में GPS एवं रूट चार्ट अनिवार्य
जिलाधिकारी ने भंडारगृह से खाद्यान्न परिवहन में लगे ट्रकों की जांच कर GPS की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सभी ट्रकों में GPS अनिवार्य रूप से लगा होना चाहिए तथा प्रत्येक वाहन का रूट चार्ट पूर्व से निर्धारित हो।उन्होंने कहा कि गोदाम से समय से उठान किया जाए, जिससे राशन दुकानों (FPS) तक खाद्यान्न समय पर पहुँचे और वितरण व्यवस्था बाधित न हो।स्टॉक रजिस्टर एवं भंडारण व्यवस्था की जांच निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्टॉक रजिस्टर का अवलोकन किया तथा भंडारगृह में भंडारित अनाज/स्टॉक की भी जांच की। उन्होंने संबंधित को निर्देशित किया कि स्टॉक का नियमित मिलान (Stock Reconciliation) किया जाए तथा अभिलेखों का संधारण सही एवं अद्यतन रखा जाए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि PDS व्यवस्था से जुड़े किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। खाद्यान्न उठान, परिवहन, स्टॉक मिलान एवं वितरण प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता तथा सख्त निगरानी सुनिश्चित की जाए।इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योति राय, जिला पूर्ति अधिकरी , गोदाम प्रभारी व अन्य संबंधित अधिकारी / कर्मचारीगण उपस्थित रहें।