राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर डीएम ने दिलाई निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान की शपथ
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
जनपद के सभी कार्यालयों में आयोजित हुआ मतदाता शपथ कार्यक्रम
बलरामपुर।16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी विपिन कुमार जैन द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निष्पक्ष, निर्भीक एवं प्रलोभन-मुक्त मतदान की शपथ दिलाई गई।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष एवं स्वतंत्र मतदान पर आधारित है, तथा प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह बिना किसी दबाव, भय या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करे। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे आमजन को मतदाता जागरूकता के लिए प्रेरित करें तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करना, उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना एवं मतदाता सहभागिता बढ़ाना है।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।इसके साथ ही राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जनपद के समस्त शासकीय कार्यालयों, विभागों एवं संस्थानों में मतदाता शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा निष्पक्ष एवं प्रलोभन-मुक्त मतदान की शपथ ली गई।कार्यक्रम के माध्यम से जनमानस को यह संदेश दिया गया कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है, और प्रत्येक नागरिक को इसमें सक्रिय सहभागिता निभानी चाहिए।इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व, एडीएम न्यायिक व अन्य संबंधित अधिकारी,कर्मचारीगण उपस्थित रहें।