Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

डीएम की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा एवं विद्यालय यान समिति की बैठक

रिपोर्ट – राम चरित्र वर्मा

ब्लैक स्पॉट एवं सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा

सड़क सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ करने के निर्देश

05 फरवरी तक सभी विद्यालय यानों की फिटनेस जांच सुनिश्चित

बलरामपुर।जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति एवं विद्यालय यान समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर क्रमबद्ध एवं विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा जनपद के चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर किए जा रहे सुधारात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए दुर्घटना संभावित स्थलों पर त्वरित, प्रभावी एवं स्थायी सुधारात्मक कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही गत माह घटित सड़क दुर्घटनाओं की ऑडिट रिपोर्ट का अवलोकन कर कारणों का विश्लेषण किया गया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक सुधारात्मक एवं निवारक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सड़कों पर मानक अनुरूप एवं पर्याप्त यातायात संकेतक (साइनेज) लगाए जाने, सड़क किनारे उगी झाड़ियों की नियमित कटाई कर दृश्यता सुनिश्चित किए जाने पर विशेष बल दिया।विद्यालय यान समिति की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि दिनांक 05 फरवरी तक जनपद के सभी विद्यालय वाहनों की अनिवार्य फिटनेस जांच पूर्ण कर ली जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि बिना वैध फिटनेस प्रमाण-पत्र के कोई भी स्कूल वाहन संचालित न हो। साथ ही सभी विद्यालयों को सड़क सुरक्षा विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए, जिससे छात्र-छात्राओं में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता एवं सुरक्षित व्यवहार को बढ़ावा दिया जा सके।इस दौरान एआरटीओ बृजेश कुमार , अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी , जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य व अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारीगण उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.