न्यायालय के आदेश के बावजूद भूमाफिया बेखौफ, अवैध कब्जा जारी
संवाददाता – हंसराज शर्मा
उतरौला (बलरामपुर)।तहसील उतरौला क्षेत्र की कानून व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। पीड़ित न्याय की उम्मीद में दर-दर भटकने को मजबूर हैं, लेकिन अब तक उन्हें इंसाफ मिलता नजर नहीं आ रहा। हालात ऐसे हैं कि लोग यह सवाल उठाने लगे हैं,क्या यहां न्याय बिक रहा है? क्या खाकी और थाना किसी दबाव में काम कर रहे हैं?मामला हुसैनाबाद कस्बे के गाटा संख्या 229 से जुड़ा हुआ है। यह प्रकरण वर्तमान में सिविल कोर्ट में विचाराधीन है और न्यायालय द्वारा स्पष्ट रूप से स्थगन आदेश (Stay Order) भी जारी किया जा चुका है। इसके बावजूद भूमाफिया खुलेआम अवैध कब्जा किए हुए हैं।हैरानी की बात यह है कि यह अवैध कब्जा हुसैनाबाद चौकी से महज चंद दूरी पर जारी है, लेकिन जिम्मेदार प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। न्यायालय के आदेशों की इस तरह खुलेआम अवहेलना से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।पीड़ितों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे भूमाफियाओं के हौसले और बुलंद हो गए हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन कब तक इस अनदेखी को जारी रखता है और पीड़ितों को न्याय कब मिलेगा।