Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में युवाओं ने निभाई लोकतांत्रिक जिम्मेदारी

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

लोकतंत्र की मजबूती मतपेटी से निकले मत से तय होती है: रजनी कान्त

मतदान केवल अधिकार नहीं हमारा नैतिक कर्तव्य : रेखा शर्मा

गोण्डा- मेरा युवा भारत गोण्डा के तत्वावधान में राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय के बीएससी कैंपस में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वनस्पति विभागाध्यक्ष डॉक्टर रेखा शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि राज्य प्रशिक्षक डॉक्टर रजनी कान्त तिवारी रहे। कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावशाली संचालन कृष्ण मोहन त्रिपाठी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया,जिसमें युवाओं ने मतदान के महत्व, मतदाता की जिम्मेदारी और लोकतंत्र को मजबूत करने में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मंच से पुरस्कृत किया गया, जिससे युवाओं का उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा। मुख्य अतिथि डॉक्टर रेखा शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारा नैतिक कर्तव्य है। शिक्षित युवा यदि जागरूक होकर मतदान करें तो देश की दिशा और दशा दोनों बदल सकती हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं मतदान करें और अपने परिवार व समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें। विशिष्ट अतिथि डॉक्टर रजनी कान्त तिवारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती मतपेटी से निकलने वाले मत से तय होती है, यदि युवा वर्ग सजग और सक्रिय रहेगा तो भ्रष्टाचार, असमानता और अव्यवस्था पर अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने मतदाता जागरूकता अभियानों में युवाओं की अग्रणी भूमिका पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम में डॉक्टर स्मृति शिशिर ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक-एक वोट राष्ट्र निर्माण की नींव है। मतदान के प्रति उदासीनता भविष्य की पीढ़ियों के साथ अन्याय है। वहीं डॉ डी.पी. सिंह ने लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और मताधिकार की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को जागरूक रहने की प्रेरणा दी। करुणेश दूबे ने अपने संबोधन में कहा कि आज का युवा यदि अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों को भी समझ ले, तो लोकतंत्र को कोई कमजोर नहीं कर सकता। उन्होंने युवाओं से निष्पक्ष, निर्भीक और जागरूक मतदान की अपील की।जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं द्वारा मतदाता जागरूकता स्लोगन बोलते हुए एक पदयात्रा निकाली गई, जिससे पूरे परिसर में जागरूकता का संदेश गूंज उठा। इसके पश्चात उपस्थित युवाओं एवं आम जनमानस को मतदान की शपथ दिलाई गई। समापन के दौरान विनय श्रीवास्तव ने बताया कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में निर्वाचकीय जागरूकता पैदा करना तथा उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लेने हेतु प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम ने युवाओं में लोकतांत्रिक चेतना को मजबूत किया और यह संदेश दिया कि सशक्त लोकतंत्र की पहली शर्त जागरूक मतदाता है। इसमें योगेश तिवारी, शिवम पाठक, आयुष, अर्पित श्रीवास्तव, डॉक्टर ड्रिंकल यादव, मानसी पाण्डेय, डॉक्टर विनय पाण्डेय, अमित दूबे, अनुष्का पाण्डेय, निदा फातिमा, ज्योति शुक्ला, अफसर, आदित्य, आर्यन सहित सैकड़ों युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.