मीरपुर पंचायत भवन पर 10 लाख खर्च, हकीकत कैमरे में कैद — शौचालय पर आज भी लटका ताला
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
रेहरा बाज़ार क्षेत्र के ग्राम पंचायत मीरपुर में लगभग 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित पंचायत भवन की जमीनी हकीकत एक वीडियो में सामने आ गई है। कागज़ों में पूर्ण दिखाया गया यह भवन वास्तविकता में बदहाली का शिकार नज़र आ रहा है।वीडियो में पंचायत भवन की स्थिति बेहद जर्जर दिखाई दे रही है। भवन खंडहर जैसी हालत में पहुंच चुका है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और रखरखाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।सबसे चिंताजनक स्थिति पंचायत भवन के ठीक बगल में बने शौचालय जिस पर ताला लटका हुआ पाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि शौचालय निर्माण के बाद से आज तक आम जनता के उपयोग के लिए नहीं खोला गया। लाखों रुपये की लागत से बना यह शौचालय अब बेकार पड़ा हुआ है और धीरे-धीरे जर्जर होता जा रहा है।स्थानीय लोगों नाम न छापने को लेकर आरोप लगाया है। इस संबंध में कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन न तो किसी अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और न ही जिम्मेदारों ने कोई ठोस कार्रवाई की। सरकारी धन के इस प्रकार दुरुपयोग से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।ग्रामीणों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराए जाने तथा दोषी अधिकारियों और निर्माण से जुड़े जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।इस संबंध में जब खंड विकास अधिकारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि यह जानकारी उन्हें आपके माध्यम से प्राप्त हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शौचालय के गड्ढे का कार्य शीघ्र कराया जाएगा, साफ-सफाई कराई जाएगी तथा ग्राम विकास अधिकारी को फटकार लगाते हुए शौचालय को जल्द चालू करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ग्राम प्रधान के विरुद्ध कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए हैं।