अंतरराष्ट्रीय जादूगर ‘मिस्टर इंडिया’ को मिला संत शिरोमणि सम्मान, जादू से दिया सामाजिक जागरूकता का संदेश
रिपोर्ट – ब्यूरो गोण्डा
गोण्डा।। जनपद के प्रतिष्ठित और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके जादू नगरी के मशहूर कलाकार, अंतरराष्ट्रीय मैजिशियन जादूगर ‘मिस्टर इंडिया’ ने संत शिरोमणि सम्मान प्राप्त कर न केवल क्षेत्र बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। विकास खंड परसपुर अंतर्गत ग्राम सीरपुरवा हरदिहा सपौर निवासी जादूगर मिस्टर इंडिया को यह सम्मान उनकी विशिष्ट कला और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी प्रस्तुतियों के लिए प्रदान किया गया।अंतरराष्ट्रीय जादूगर मिस्टर इंडिया ने बताया कि संत रविदास जयंती के अवसर पर विजय आर्या द्वारा आयोजित कार्यक्रम में वह भड़रिया बाजार, डुमरियागंज (जनपद सिद्धार्थनगर) पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी जादुई कला का अत्यंत प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उनके कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में व्याप्त कुरीतियों के प्रति जन-जागरूकता फैलाना रहा।जादुई प्रस्तुतियों के माध्यम से उन्होंने नशा उन्मूलन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, दहेज उत्पीड़न, कन्या भ्रूण हत्या, सड़क सुरक्षा सहित अन्य सामाजिक विषयों पर प्रभावी संदेश दिया और आमजन से इन बुराइयों से दूर रहने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान कागज के टुकड़ों को जलाकर नोट में परिवर्तित करने, सच और झूठ की पहचान जैसे रोमांचक प्रयोगों के साथ-साथ द्रौपदी चीरहरण प्रसंग को जादू के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा द्रौपदी की लाज बचाने की कथा को साड़ी के कई मीटर तक निरंतर निकलने वाले प्रयोग ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इस अद्भुत प्रदर्शन पर पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।इस दौरान ज्ञान दास आर्या प्रशासनिक अधिकारी सूचना विभाग लखनऊ ने वैज लगाकर अंगवस्त्र सम्मान पत्र,ट्रॉफी एव प्रतीक चिन्ह भेंटकर कहा कि अंतरराष्ट्रीय जादूगर मिस्टर इंडिया का यह प्रदर्शन मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक चेतना का सशक्त माध्यम बनकर उपस्थित जनसमूह के लिए यादगार साबित हुआ।इस अवसर पर कार्यक्रम अध्यक्ष संतराम सक्सेना, प्रबंधक सियाराम, गबोधर प्रसाद, सहदेव चौहान, मुंशी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। साथ ही हजारों की संख्या में दर्शकों ने कार्यक्रम का आनंद लिया।