होमवर्क न करने पर शिक्षक की बर्बरता, कक्षा दो के छात्र को गिनकर 105 डंडे मारने का आरोप
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
गोंडा जिले के कर्नलगंज क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि होमवर्क पूरा न करने पर एक निजी स्कूल के शिक्षक ने कक्षा दो में पढ़ने वाले मासूम छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी। शिक्षक ने बच्चे के पैरों पर गिनकर 105 डंडे मारे, जिससे वह बुरी तरह सहम गया। घटना के बाद पूरी कक्षा में दहशत का माहौल बन गया।
पीड़ित छात्र के पैरों और शरीर पर डंडों के गहरे निशान पाए गए हैं। परिजनों का आरोप है कि जब बच्चा दर्द से रोने लगा तो शिक्षक ने उसे बिस्किट देकर चुप कराने की कोशिश की और धमकाया कि अगर उसने घर पर किसी को बताया तो अगले दिन फिर मारेगा।मजदूर पिता ने थाने में लगाई गुहार
चतरौली निवासी राज प्रसाद गोस्वामी (45) मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनके परिवार में पत्नी जानकी (40), बड़ा बेटा अवधेश (22), बेटी रिशु (16) और 10 साल का सबसे छोटा बेटा शामिल है। यही छोटा बेटा गुमदहा स्थित एमआरजी पब्लिक स्कूल में कक्षा दो का छात्र है।परिजनों के अनुसार, घटना लंच के बाद करीब एक बजे की है। सोशल साइंस की कक्षा लेने के लिए शिक्षक प्रखर सिंह (38) कक्षा में पहुंचे और बच्चों से होमवर्क दिखाने को कहा। जब पीड़ित छात्र का होमवर्क पूरा नहीं मिला तो शिक्षक कथित तौर पर आगबबूला हो गए और उसकी पिटाई शुरू कर दी।सहमे रहे कक्षा के अन्य बच्चे प्रत्यक्षदर्शी बच्चों के अनुसार, शिक्षक ने छात्र को सबके सामने खड़ा कर लगातार डंडे मारे। यह देख कक्षा के अन्य बच्चे डर के मारे सहम गए और कोई भी कुछ बोलने की हिम्मत नहीं जुटा सका।पुलिस से कार्रवाई की मांग घटना की जानकारी मिलने पर पिता राज प्रसाद गोस्वामी बच्चे को लेकर कर्नलगंज थाने पहुंचे और तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नोट: शिक्षा के मंदिर में इस तरह की कथित बर्बरता ने एक बार फिर स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षकों की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।