Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

फाइनल क्रिकेट मैच के साथ राम बल यादव इंटर कॉलेज की तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता सम्पन्न

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

नया नगर/रेहरा बाजार।जनपद बलरामपुर के शिक्षा क्षेत्र रेहरा बाजार स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान राम बल यादव इंटर कॉलेज, नया नगर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय क्षेत्रीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता सोमवार को क्रिकेट फाइनल मैच के साथ सकुशल सम्पन्न हो गई। प्रतियोगिता में छात्रों ने खेल भावना और अनुशासन का उत्कृष्ट परिचय दिया।विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित इस प्रतियोगिता में लौह गोला फेंक, चक्र फेंक, लम्बी कूद, ऊँची कूद, रस्साकसी, कैरम बोर्ड, शतरंज, खो-खो, वॉलीबॉल एवं क्रिकेट सहित कई खेलों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की 100 से अधिक टीमों ने प्रतिभाग किया, जिसके चलते तीन दिवसीय यह आयोजन चार दिनों में सम्पन्न हुआ।रस्साकसी सीनियर बालक वर्ग में एजी हाशमी इंटर कॉलेज सादुल्लाहनगर और राम बल यादव इंटर कॉलेज नया नगर के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें मेज़बान टीम ने जीत दर्ज की। इसके अलावा कैरम बोर्ड, शतरंज, खो-खो, लम्बी कूद और ऊँची कूद में भी राम बल यादव इंटर कॉलेज की टीमों ने विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।लम्बी कूद में विद्यालय के होनहार खिलाड़ी शिवम वर्मा ने सर्वाधिक दूरी कूदकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं गोला फेंक में एजी हाशमी इंटर कॉलेज सादुल्लाहनगर के खिलाड़ी मैराज अहमद विजेता रहे।वॉलीबॉल सीनियर वर्ग में बाबू आर.पी. इंटर कॉलेज घासी पोखरा की टीम विजेता बनी, जबकि जूनियर वर्ग में राम बल यादव इंटर कॉलेज नया नगर की टीम ने खिताब अपने नाम किया।क्रिकेट प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में मदरसा बनजरिया हुसैन ने मदरलैंड एकेडमी नौवाकोल को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में एमटीआई नया नगर सुगौवा मोड़ ने राम बल यादव इंटर कॉलेज को हराकर फाइनल में जगह बनाई।अंतिम दिन खेले गए 6 ओवर के फाइनल मुकाबले में मदरसा बनजरिया हुसैन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 65 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए एमटीआई की टीम 52 रन ही बना सकी। इस प्रकार मदरसा बनजरिया हुसैन ने 13 रनों से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
फाइनल मैच देखने के लिए विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ क्षेत्र के अभिभावक एवं खेल प्रेमियों की भारी भीड़ मौजूद रही, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।विद्यालय के प्रबंधक राजेश यादव ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।प्रधानाचार्य ने बताया कि सभी विजेता खिलाड़ियों का सम्मान समारोह 22 फरवरी 2026 (रविवार) को आयोजित किया जाएगा, जिसमें उन्हें मेडल, प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।कार्यक्रम में विनय कुमार यादव ने सभी आगंतुकों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.