Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह का गोंडा को तोहफा

रिपोर्ट – ब्यूरो गोण्डा

बंद पड़ी पुरानी रानी बाजार रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास निर्माण की प्रक्रिया शुरू

गोंडा। जिले के नागरिकों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। वर्षों से बंद पड़ी पुरानी रानी बाजार (बड़गांव) रेलवे समपार संख्या 260 को लेकर लंबे समय से चली आ रही मांग अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री एवं गोंडा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह के प्रयासों से यहां अंडरपास निर्माण की स्वीकृति की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। उत्तर पूर्व रेलवे, गोरखपुर के महाप्रबंधक उदय बोर्वणकर द्वारा जारी पत्र के अनुसार, सुरक्षा की दृष्टि से समपार संख्या 260 को राज्य सरकार की सहमति के उपरांत आर.ओ.बी. बनाकर स्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। अब इसी स्थान पर जनहित को ध्यान में रखते हुए लाईट आरओबी (अंडरपास) के प्रस्ताव को स्वीकृति देने की प्रक्रिया चल रही है। यह पत्र केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह द्वारा पूर्व में भेजे गए पत्र (दिनांक 28 नवंबर 2025) के संदर्भ में जारी किया गया है, जिससे स्पष्ट है कि सांसद द्वारा इस जनसमस्या को गंभीरता से उठाया गया था।स्थानीय जनता को मिलेगी बड़ी राहत।पुरानी रानी बाजार रेलवे क्रॉसिंग के बंद होने से बडगांव, रानी बाजार, शहर के कई हिस्सों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अंडरपास के निर्माण से आवागमन सुगम होने के साथ ही समय और ईंधन की बचत होगी और दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी। इसी के साथ ही व्यापार और स्थानीय गतिविधियों को गति मिलेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह परियोजना लंबे समय से लंबित थी, लेकिन सांसद कीर्तिवर्धन सिंह के हस्तक्षेप और सतत प्रयासों के चलते अब यह जमीन पर उतरने की ओर बढ़ रही है। इस उपलब्धि को गोंडा के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस अंडरपास निर्माण से न केवल यातायात व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि भविष्य में शहर के विस्तार को भी मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.