नवीन सीएचसी फरेंदा शुक्ल के निर्माण के लिए विधायक ने सीएम को लिखा पत्र
रिपोर्ट – ब्यूरो गोण्डा
मुख्यमंत्री के सचिव ने प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग को प्रकरण भेजा
गोंडा। दस साल से सीएचसी की सुविधा रूपईडीह की पचपन ग्राम पंचायतों को नहीं मिल रही है। यहां की प्रसूताओं को जिला महिला अस्पताल लाना पड़ता है और यहां पर स्वास्थ्य सुविधाएं महिलाओं व बच्चों को नहीं मिल पा रही है। यहां की सीएचसी खरगूपुर नगर पंचायत में चल रही है,जिसका लाभ ब्लाक की पचास ग्राम पंचायतों को मिल रहा है। कटरा बाजार के विधायक बावन सिंह ने नवीन सीएचसी निर्माण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ से मिलकर जनहित में दो से तीन लाख की आबादी के स्वास्थ्य के लिए अनुरोध किया। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री चिकित्सा एवं स्वास्थ्य बृजेश पाठक को पत्र दिया। मुख्यमंत्री के सचिव सूर्य पाल गंगवार ने प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को पत्र भेजा है। जिले की आकांक्षी ब्लाक रूपईडीह जो जिले का सबसे बडा विकास खंड है, यहां पर करीब दस साल पहले सीएचसी निर्माण के लिए प्रस्ताव मांगा गया जो खरगपुर विधानसभा मेहनौन भेज दी गयी। इससे बलरामपुर, श्रावस्ती जिले की सीमावर्ती गाव के लोगों को सीएचसी की सुविधा मिल गयी लेकिन गोंडा-बहराइच रोड पर स्थित गांव छिनौती, मंगलनगर, बनगांई, पूरे पाठक, कौड़िया बाजार, बेलवा बाजार, उसरैना, रूकमंगतपुर, कल्याणपुर, गौसिहा, पिपरा बाजार, राम भारी, तेलयानी पाठक, टेड़वागुलाम, अनेगी, भुड़कुडा़, दलपतपुर, दुल्हापुर पहाड़ी, कुरासी, पन्ना बगुलहा, कुसरहा, सगपुर बहमवारी, विरंगनोरमा, दुल्लहापुर गजापर, निबिहा परसापुर, बल्लीजोत, कोचवा, अनंतपुर, असिधा, रूपईडीह, भुलईडीह, समेत पचपन ग्राम पंचायतों को सीएचसी का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसके लिए विधायक बावन सिह ने पूर्व में सदन में यह मुद्दा उठाया और सांसद करण भूषण सिंह ने एक पत्र बीते वर्ष डीएम को लिखा था, वहीं सीएमओ ने भी बीते वर्ष 19 अप्रैल को निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं उप लखनऊ को भेजा था। जिस पर शासन स्तर से बजट मुहैया नहीं कराया गया। इस जनहित की समस्या के संबंध में विधानसभा कटरा बाजार के विधायक बावन सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर नवीन सीएचसी निर्माण के लिए अनुरोध किया,जिस पर मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि नवीन सीएचसी को स्वीकृति मिल जाएगी। मुख्यमंत्री के सचिव सूर्यपाल गंगवार उत्तर प्रदेश शासन ने प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को पत्र लिखकर एक नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निर्माण कराये जाने के संबंध में कराये जाने के सबंध में कार्रवाई की अपेक्षा की है।