डीएम ने किया विकास खंड बलरामपुर सदर का औचक निरीक्षण
रिपोर्ट ब्यूरो बलरामपुर
*अभिलेख अद्यतन व योजनाओं की प्रगति पर दिए सख्त निर्देश*
*लपेंशन, आधार केंद्र व परिवार रजिस्टर की समीक्षा के साथ डीएम ने विकास खंड व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के दिए निर्देश
*लपरिवार रजिस्टर अद्यतन पर जोर, पारदर्शी अभिलेख व्यवस्था के लिए विशेष अभियान चलेगा
बलरामपुर।जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने विकास खंड बलरामपुर सदर का औचक निरीक्षण कर विभिन्न पटलों के कार्यों, अभिलेखों एवं संचालित योजनाओं की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में रखे विभिन्न रजिस्टरों का अवलोकन करते हुए सभी अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही पुरानी एवं निष्प्रयोज पत्रावलियों का समयबद्ध तरीके से बीड आउट कर कार्यालय व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।जिलाधिकारी ने पेंशन योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त ऑनलाइन आवेदन पत्रों की समीक्षा करते हुए कहा कि निर्धारित समयावधि के भीतर सभी आवेदनों पर रिपोर्ट लगाकर पात्र लाभार्थियों को शीघ्र लाभान्वित किया जाए। इस दौरान उन्होंने विकास खंड परिसर में संचालित आधार केंद्र का भी निरीक्षण कर सेवाओं की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशानिर्देश दिए।निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने मनरेगा सेल का भी अवलोकन किया और कन्वर्जेंस से बनाए जा रहे नए आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्यों में धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने मनरेगा के अभिलेखों के रखरखाव एवं कार्यों के प्रति लापरवाही पाए जाने पर मनरेगा के लेखा सहायक एवं कंप्यूटर ऑपरेटर की संविदा समाप्त कर नए कर्मियों की नियुक्ति किए जाने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी ग्राम सचिवों को निर्देशित किया जाए कि नए आंगनबाड़ी केंद्रों एवं अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में तीव्र गति से पूर्ण कराया जाए।सहायक विकास अधिकारी पटल के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष अभियान चलाकर परिवार रजिस्टर को अद्यतन करने तथा प्रत्येक परिवार को परिवार रजिस्टर की नकल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए शून्य लंबित (जीरो पेंडेंसी) सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत चल रही नोटिस सुनवाई की प्रगति का भी जायजा लिया तथा पारदर्शी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त मनरेगा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।