खाद्य सुरक्षा विभाग की तड़के छापेमार कार्रवाई, 100 किग्रा खोया जब्त
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर।सहायक आयुक्त (खाद्य) -।। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने बताया है कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में मिलावटी खाद्य पदार्थों के विक्रय एवं भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जनपद में सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज प्रातः 06:00 बजे वीर विनय चौक, बलरामपुर में छापेमार कार्रवाई की गई, जहाँ लगभग 100 किलोग्राम खोया लावारिस अवस्था में पाया गया। मौके पर उपस्थित लोगों से पूछताछ के बावजूद किसी व्यक्ति द्वारा खोये पर दावा नहीं किया गया, जिसके पश्चात टीम द्वारा उसे जब्त कर लिया गया।नियमानुसार यदि 24 घंटे के भीतर कोई दावा प्रस्तुत नहीं किया जाता है तो जब्त खोये को नष्ट कर दिया जाएगा।इसी क्रम में अभियान के दौरान बलदेव नगर बाजार में निरीक्षण करते हुए मोहिनी नमकीन का नमूना लेकर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है।कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राकेश कुमार शुक्ला, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री चन्द्र भानु एवं श्री शंकर दयाल तिवारी उपस्थित रहे।होली एवं रमजान जैसे आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जाने हेतु जनपद में यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।