Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

जिलाधिकारी का प्राथमिक विद्यालय सेखुईकला में औचक निरीक्षण

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

डीएम ने कक्षाओं में बच्चों से पूछे सवाल, सही जवाब देने पर डीएम ने बढ़ाया उत्साह

निपुण असेसमेंट की समीक्षा कर बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने के निर्देश ,विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण व व्यवस्थाओं पर दिया जोर

बीआरसी स्थित आधार केंद्र का निरीक्षण, सेवाओं को पारदर्शी व सुगम बनाने के निर्देश

बलरामपुर।बेसिक शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन द्वारा प्राथमिक विद्यालय सेखुईकला का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, कक्षा संचालन एवं निपुण लक्ष्य के तहत प्रगति का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर बच्चों से संवाद किया तथा पाठ्यक्रम आधारित शैक्षणिक प्रश्न पूछे। बच्चों द्वारा आत्मविश्वास के साथ सही उत्तर देने पर उन्होंने उनका उत्साहवर्धन करते हुए चॉकलेट वितरित की और नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों में सीखने की रुचि विकसित करना और उन्हें सकारात्मक वातावरण देना शिक्षकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निपुण असेसमेंट की समीक्षा करते हुए बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि नवाचार आधारित शिक्षण पद्धति अपनाते हुए प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जाए तथा विद्यालय में अनुशासन एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।उन्होंने विद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं, उपस्थिति रजिस्टर एवं शिक्षण सामग्री का अवलोकन करते हुए सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए।इसके उपरांत जिलाधिकारी ने बीआरसी परिसर में संचालित आधार केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आधार पंजीकरण एवं अपडेट प्रक्रिया, आमजन को मिल रही सुविधाओं तथा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कार्य को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए।इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शुभम शुक्ला, खंड शिक्षा अधिकारी अशोक पाठक मौजूद रहें।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.