डीएम की अध्यक्षता में थाना रेहरा बाजार एवं थाना गैंडास बुजुर्ग में थाना समाधान दिवस संपन्न
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर।जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में थाना रेहरा बाजार एवं थाना गैंडास बुजुर्ग में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे, जिनकी शिकायतों को
जिलाधिकारी द्वारा एक-एक कर गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना गया।समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि थाना समाधान दिवस आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।भूमि विवाद निस्तारण हेतु नई पहल।भूमि विवाद के मामलों के स्थायी समाधान के लिए जिलाधिकारी द्वारा नई पहल करते हुए ऐसे ग्रामों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए, जहां भूमि विवाद के मामले अधिक हैं। इन ग्रामों में राजस्व एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से चौपाल आयोजित कर सहमति के आधार पर विवादों का समाधान कराया जाएगा। उन्होंने भूमि विवाद, आपसी विवाद एवं राजस्व से संबंधित मामलों में स्थलीय निरीक्षण कर समाधान कराने पर विशेष बल दिया।संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जांच के निर्देश।राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जाकर शिकायतों की गहन जांच करने, तथ्यपरक रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा शत-प्रतिशत निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं न्यायसंगत समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें सभी संबंधित अधिकारी पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडे व अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।