गाँव,गरीब,किसान और नौजवान के कल्याण का बजट” – पल्टूराम
रिपोर्ट – राम चरित्र वर्मा
केंद्रीय बजट 2026-27 पर पूर्व राज्य मंत्री एवं सदर विधायक पल्टूराम की प्रेस वार्ता
बलरामपुर। गाँव,गरीब,किसान और नौजवान के हितों को ध्यान में रखकर बजट तैयार किया गया है। केंद्रीय बजट 2026-27 को देश के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं कल्याणकारी है। ये बाते केंद्रीय बजट को लेकर विधायक आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों से पूर्व राज्य मंत्री एवं सदर विधायक पल्टूराम ने कहीं।विधायक बोले कि लगभग 53.5 लाख करोड़ रुपए के कुल व्यय और जीडीपी के 4.3 प्रतिशत राजकोषीय घाटे के लक्ष्य के साथ सरकार ने वित्तीय अनुशासन बनाए रखते हुए विकास को प्राथमिकता दी है। पूंजीगत व्यय को 12.2 लाख करोड़ रुपए तक बढ़ाया जाना इंफ्रास्ट्रक्चर,रोजगार और औद्योगिक विकास को नई गति देगा।विधायक ने कहा कि नई फ्रेट कॉरिडोर,हाई-स्पीड रेल और नेशनल वाटरवे जैसी परियोजनाएं देश की कनेक्टिविटी को सशक्त करेंगी,जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी।सेमीकंडक्टर,बायोफार्मा और दुर्लभ खनिज क्षेत्रों में निवेश से भारत वैश्विक प्रतिस्पर्धा में मजबूत स्थिति बनाएगा। कर सुधारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आयकर कानून 2025 को 1 अप्रैल 2026 से लागू करने की घोषणा तथा टीसीएस दरों में कमी मध्यम वर्ग,विद्यार्थियों और छोटे व्यापारियों को राहत प्रदान करेगी। एमएसएमई के लिए विशेष निधि और निवेश प्रोत्साहन योजनाएं स्थानीय उद्योगों को सशक्त करेंगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। विधायक ने कहा कि रक्षा क्षेत्र के लिए लगभग 7.8 लाख करोड़ रुपए का प्रावधान राष्ट्रीय सुरक्षा को और मजबूत करेगा। पल्टूराम ने कहा कि यह बजट ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है और इसका सीधा लाभ देश के आम नागरिकों को मिलेगा। प्रेस वार्ता में जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह बैस, मीडिया संयोजक अवधेश पान्डेय,जिला उपाध्यक्ष बृजेन्द्र तिवारी, महामत्री वरुण सिंह मोनू, संदीप उपाध्याय उपस्थित रहे।