बच्चों के विवाद ने लिया खूनी संघर्ष का रूप
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर खम्हौवा (विशुनापुर) गांव में बच्चों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वायरल तीन वीडियो—38 सेकंड, 16 सेकंड और 32 सेकंड—में दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं।बताया जा रहा है कि घटना 12 फरवरी 2026 की सुबह करीब 10 बजे की है। बच्चों के बीच हुई कहासुनी के बाद परिवारों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। वीडियो में कई लोग डंडों से हमला करते नजर आ रहे हैं। एक बच्चे पर भी डंडे से वार किए जाने का दृश्य सामने आने से ग्रामीणों में नाराजगी है।ग्राम खम्हौवा निवासी दारा पुत्र सफीउल्ला ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि बच्चों के विवाद को लेकर बदरुद्दीन पुत्र स्व. अहदू, भोला पुत्र स्व. अहदू, अनीश, ढोलू, डोडरी, गोर्रा पुत्रगण बदरुद्दीन, मजैन पत्नी शाबीर, डब्लू पुत्र भोला और मुर्गा पुत्र भोला सहित तीन अज्ञात लोगों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला किया।घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए जांच शुरू कर दी है।कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बच्चों के विवाद में परिवार के सदस्य भी शामिल हो गए थे, जिससे कहासुनी मारपीट में बदल गई। पीड़ित की तहरीर के आधार पर 9 नामजद और 3 अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि छोटी-सी बात पर हिंसा का इतना बड़ा रूप लेना चिंता का विषय है।