Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

तालाब पर अतिक्रमण, नोटिस के बाद भी कार्रवाई ठप

रिपोर्ट ब्यूरो गोण्डा

नगर पालिका कर्नलगंज की चुप्पी पर उठे सवाल

कर्नलगंज (गोंडा)। नगर पालिका परिषद कर्नलगंज द्वारा तालाब/बावली से अतिक्रमण हटाने के लिए जारी नोटिस के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने का मामला सामने आया है।सुरेन्द्र सिंह छाबड़ा, निवासी मौर्य नगर कर्नलगंज ने जिलाधिकारी, गोंडा को दिए प्रार्थना पत्र में बताया है कि नगर पालिका परिषद कर्नलगंज द्वारा पत्रांक संख्या 1616 दिनांक 13 मार्च 2024 को संबंधित अतिक्रमणकारियों को तालाब बावली से कब्जा हटाने हेतु नोटिस जारी किया गया था। लेकिन नोटिस जारी हुए काफी समय बीत जाने के बाद भी मौके से अतिक्रमण नहीं हटाया गया है। इससे न केवल तालाब/बावली का अस्तित्व खतरे में है, बल्कि स्थानीय नागरिकों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

सार्वजनिक संपत्ति पर कब्जा, जिम्मेदार मौन

तालाब और बावली जैसे जलस्रोत सार्वजनिक संपत्ति होते हैं, जिनका संरक्षण प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद यदि नोटिस जारी होने के बाद भी अमल नहीं हो रहा, तो यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि—क्या नोटिस महज औपचारिकता था? क्या अतिक्रमणकारियों को संरक्षण प्राप्त है? क्यों नगर पालिका और संबंधित विभाग कार्रवाई से पीछे हट रहे हैं? स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो जलस्रोत पूरी तरह समाप्त हो सकता है, जिससे भविष्य में जल संकट की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है। सुरेन्द्र सिंह ने जिलाधिकारी से मांग की है कि प्रकरण का तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए जाएं, ताकि तालाब/बावली को अतिक्रमण मुक्त कराया जा सके और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कितनी तत्परता दिखाता है या फिर नोटिस कागजों तक ही सीमित रह जाएगा।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.