बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर । विकासखंड बलरामपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत बालपुर में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बाल विवाह के प्रति समाज को जागरूक करना तथा बच्चों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक संकल्प को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, उसकी रोकथाम के उपायों एवं संबंधित कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं — मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मिशन शक्ति, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित अन्य लाभकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया गया।
इसके अतिरिक्त महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा हेतु महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों — 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 181महिला हेल्पलाइन,1090 वूमेन पावर लाइन, 112 आपातकालीन सेवा एवं 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की जानकारी साझा करते हुए आवश्यकता पड़ने पर तत्काल संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में जिला बाल संरक्षण इकाई से संरक्षण अधिकारी अमरकांत, हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन से डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर श्री विशाल गुप्ता, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से सुपरवाइजर सुश्री प्रिया श्रीवास्तव, वन स्टॉप सेंटर से केस वर्कर श्रीमती दीपिका तिवारी सहित अन्य गणमान्य ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकथाम हेतु सामूहिक शपथ दिलाई गई।