Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

थारू विकास परियोजना विशुनपुर विश्राम पचपेड़वा में 19 फरवरी को लगेगा मेगा हेल्थ कैंप

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

रेडक्रास सोसाइटी बलरामपुर की पहल, तैयारियों को लेकर अहम बैठक संपन्न

बलरामपुर।जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में 19 फरवरी 2026 को थारू विकास परियोजना विशुनपुर विश्राम पचपेड़वा में रेडक्रास सोसाइटी बलरामपुर के तत्वावधान में एक विशाल मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया जाएगा। कैंप की तैयारियों को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी की अध्यक्षता में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय कक्ष में एक अति महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में रेडक्रास सोसाइटी बलरामपुर के पदाधिकारियों ने कैंप की रूपरेखा, संभावित लाभार्थियों की संख्या, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता, दवा वितरण, जांच सुविधाओं एवं जनजागरूकता अभियान पर विस्तार से चर्चा की। रेडक्रास सोसाइटी के पदाधिकारी अजय मिश्रा, प्रदुम्न सिंह, प्रीतपाल सिंह, अजय श्रीवास्तव, आलोक अग्रवाल एवं डॉ. प्रांजल त्रिपाठी ने अपने-अपने दायित्वों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए कैंप को सफल बनाने का संकल्प दोहराया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने रेडक्रास सोसाइटी के सदस्यों की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि समाजसेवी संगठनों के सहयोग से दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने बैठक में उपस्थित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि कैंप में आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण जांच एवं उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जाए।बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविन्द मिश्रा सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।रेडक्रास सोसाइटी के पदाधिकारियों ने बताया कि मेगा हेल्थ कैंप में विभिन्न रोगों की जांच, विशेषज्ञ परामर्श तथा निःशुल्क दवा वितरण की व्यवस्था की जाएगी, जिससे विशेष रूप से थारू क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने अधिक से अधिक ग्रामीणों से कैंप में पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.