Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

जिलाधिकारी ने किया उप निबंधक कार्यालय का निरीक्षण

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

पारदर्शिता एवं अभिलेखों के डिजिटलीकरण पर दिया जोर

बलरामपुर।जनपद में राजस्व एवं पंजीकरण कार्यों को पारदर्शी, सुगम एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन द्वारा आज उप निबंधक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं, अभिलेखों एवं राजस्व से संबंधित प्रक्रियाओं का गहन अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय में रखे विभिन्न रजिस्टरों एवं अभिलेखों का परीक्षण किया तथा उनके अद्यतन रखरखाव पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्टाम्प शुल्क एवं ई-फीस से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी पंजीकरण कार्य पूर्ण पारदर्शिता एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराए जाएं, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने भूमि बैनामा की प्रक्रिया का भी जायजा लेते हुए कहा कि संपत्ति पंजीकरण कार्यों में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंजीकरण से जुड़ी प्रत्येक प्रक्रिया में ऑनलाइन सिस्टम का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जाए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रूप से सभी सरकारी भूमि के गाटा संख्या को पोर्टल पर शत-प्रतिशत फीड किए जाने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि का डिजिटलीकरण एवं अद्यतन रिकॉर्ड तैयार होने से अवैध कब्जों नहीं हो सकेंगे तथा प्रशासनिक कार्यवाही अधिक प्रभावी होगी।जिलाधिकारी ने उप निबंधक कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य के कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा कार्यालय में स्वच्छता, अनुशासन एवं पारदर्शिता बनाए रखी जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप ई-गवर्नेंस एवं डिजिटल प्रक्रियाओं को बढ़ावा देकर सेवाओं को अधिक सरल एवं भरोसेमंद बनाया जाए।इस अवसर पर एडीएम वित्त एवं राजस्व संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.