जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, अधिवक्ता की मौत से हड़कंप
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
गोंडा। कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में पुरानी जमीनी रंजिश ने शनिवार को हिंसक रूप ले लिया। कर्नलगंज के दत्तनगर सुदाईपुरवा गांव में दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक अधिवक्ता की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।बताया जाता है कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इतवार को कहासुनी के बाद मामला अचानक भड़क उठा। आरोप है कि एक पक्ष ने लाठी-डंडों, धारदार हथियारों और अवैध असलहों से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के दौरान फायरिंग भी हुई, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
हमले में घायल अधिवक्ता सुभाष मिश्रा को गंभीर हालत में सीएचसी कर्नलगंज ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक देख उन्हें मेडिकल कॉलेज गोण्डा रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अन्य घायलों का उपचार जारी है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में कोतवाली कर्नलगंज में मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।