Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

डीएम की अध्यक्षता में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

शांति, सुरक्षा और स्वच्छता के साथ होगी होली — प्रशासन ने की व्यापक तैयारियां

बलरामपुर।आगामी होली सहित अन्य त्यौहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए संभ्रांत नागरिक, धर्मगुरु एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित नागरिकों से खुला संवाद किया गया तथा होली पर्व को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त किए गए।जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद बलरामपुर सदैव से गंगा-जमुनी तहज़ीब एवं आपसी भाईचारे की मिसाल रहा है। सभी समुदायों द्वारा त्यौहार आपसी सौहार्द एवं सहयोग की भावना से मनाए जाते रहे हैं, जिसे बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में होलिका दहन स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर लें तथा व्यवस्थाओं का जायजा लें। उन्होंने फुट पेट्रोलिंग बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर सतत निगरानी रखने एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने समस्त उप जिलाधिकारियों (SDM) एवं क्षेत्राधिकारियों (CO) को निर्देशित किया कि वे संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर होलिका दहन स्थलों का स्थलीय निरीक्षण करें एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएं।जिला पंचायत राज अधिकारी एवं नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि होलिका दहन स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने समस्त जनपदवासियों को होली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि सभी नागरिक प्रेम, सद्भाव एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें।उन्होंने कहा कि जनपद में शांतिपूर्ण त्यौहार मनाने की सुदृढ़ परंपरा रही है और सभी के सहयोग से इस परंपरा को और सशक्त बनाया जाएगा।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक ,अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.