विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का सरगना गिरफ्तार
रिपोर्ट – ब्यूरो गोण्डा
गोण्डा, एसओजी और कोतवाली नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोलकाता स्थित नेताजी सुभाष चन्द्र बोस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से पकड़ा गया।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर आनंद कुमार राय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विवेक कुमार उर्फ शमशाद खान पुत्र कासिम खान निवासी थाना रामनगर, जिला पश्चिमी चम्पारण (बिहार) के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार आरोपी ने गोण्डा में “मल्टी इंटरनेशनल इमीग्रेशन काउंसिल” नाम से कार्यालय खोल रखा था। वह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर लोगों को रूस (मास्को) में नौकरी दिलाने और वीजा बनवाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करता था। पीड़ितों ने बताया कि आरोपी ने फर्जी वीजा एग्रीमेंट और ऑफर लेटर देकर उन्हें दिल्ली और लखनऊ एयरपोर्ट बुलाया, लेकिन टिकट नहीं भेजा और बाद में फोन बंद कर फरार हो गया।पुलिस के मुताबिक विभिन्न पीड़ितों से लाखों रुपये की ठगी की गई है और कुल ठगी की रकम लगभग डेढ़ करोड़ रुपये तक पहुंचने की आशंका है। इस संबंध में थाना कोतवाली नगर में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सुराग के आधार पर आरोपी को कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनीष कुमार, उपनिरीक्षक पिंटू यादव, महिला उपनिरीक्षक अर्पिता यादव तथा एसओजी के हेड कांस्टेबल राशिद अली और श्याम नारायण शामिल रहे।