पचपेड़वा पुलिस का बड़ा खुलासा: अंतरजनपदीय चोर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
रिपोर्ट जितेंद्र पटेल
6 चोरी की मोटरसाइकिल, 22 कुर्सियां, गैस सिलेंडर और 4400 रुपये बरामद
जनपद बलरामपुर के थाना पचपेड़वा पुलिस ने क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय चोर गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 6 चोरी की मोटरसाइकिल, 22 प्लास्टिक की कुर्सियां, एक गैस सिलेंडर तथा 4400 रुपये नगद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, कस्बा पचपेड़वा के बुध बाजार से 24 दिसंबर 2025 को दो मोटरसाइकिल चोरी होने सहित कई मामलों में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज था। इसके अतिरिक्त 4/5 मार्च 2026 की रात ग्राम पंचायत सचिवालय गुरचिहवा का ताला तोड़कर 22 कुर्सियां तथा निकट स्थित कम्पोजिट विद्यालय से गैस सिलेंडर चोरी कर लिया गया था।पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक विशालपांडेय एवं क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर डॉ. जितेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई की गई।
8 मार्च को उपनिरीक्षक दिलीप कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि दो वाहन चोर चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गैसड़ी से बढ़नी की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर मुस्ताक उर्फ भुर्रे पुत्र अब्दुल मजीद तथा मो. जुबेर उर्फ बादशाह पुत्र मोहम्मद मुस्तफा उर्फ नूर आलम, निवासी ग्राम रजडेरवा थाना गैसड़ी, जनपद बलरामपुर को तुलसीपुर-बढ़नी मार्ग पर ग्राम मलगहिया के पास गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बलरामपुर और आसपास के जनपदों से मोटरसाइकिल चोरी कर उनका नंबर प्लेट बदल देते थे और नेपाल में बेच देते थे। चोरी की गई मोटरसाइकिलों का उपयोग कर वे विद्यालयों, पंचायत भवनों और बंद मकानों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में से मो. जुबेर उर्फ बादशाह पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह पुलिस रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर भी है।गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक दिलीप कुमार सिंह, उपनिरीक्षक दिनेश राय, उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह, हेड कांस्टेबल अजय प्रताप यादव, जितेन्द्र सिंह, रामबिहारी मिश्रा, कांस्टेबल आशीष विश्वकर्मा, वासुदेव गौड़, शिवकुमार, अरुण प्रजापति, सत्येन्द्र प्रताप सिंह और अनुराग सिंह सहित सर्विलांस व स्वाट टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।