बलरामपुर में सीएम दौरे से पहले स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल, जिला अस्पताल का 9 सेकंड का वीडियो वायरल, अस्पताल के फर्श पर पड़ा दिखा मरीज
रिपोर्ट – जितेन्द्र पटेल
बलरामपुर जनपद में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से ठीक पहले स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।वायरल वीडियो मंगलवार शाम का बताया जा रहा है।करीब 9 सेकंड के इस वीडियो में संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर के अंदर एक मरीज जमीन पर पड़ा तड़पता हुआ दिखाई दे रहा है, जिसे लेकर लोगों में नाराजगी और चर्चा का माहौल बन गया है। मरीज के पास एक दो लोग और मौजूद हैं जो उसे उठाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो और किसी दावे की पुष्टि मीडिया नहीं करता है।सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में दावा किया जा रहा है कि अस्पताल में पर्याप्त सुविधाएं न होने के कारण मरीज को फर्श पर ही पड़े रहना पड़ा। वीडियो में अस्पताल परिसर का दृश्य दिखाई देता है, जहां मरीज जमीन पर पड़ा हुआ नजर आता है और आसपास मौजूद लोग उसे देख रहे हैं। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मरीज किस बीमारी से पीड़ित था और उसे तत्काल उपचार मिला या नहीं।
वीडियो सामने आने के बाद से स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला अस्पताल में आए दिन मरीजों को समुचित सुविधा नहीं मिल पाती है। बेड की कमी, चिकित्सकों की अनुपलब्धता और समय पर इलाज न मिलने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री के दौरे से पहले इस तरह का वीडियो सामने आना स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा कर रहा है।
बताया जा रहा है कि 11 और 12 मार्च को मुख्यमंत्री का बलरामपुर दौरा प्रस्तावित है। दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। विभिन्न विभागों के अधिकारी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में लगे हुए हैं और लगातार निरीक्षण भी किया जा रहा है। अस्पतालों से लेकर अन्य सरकारी संस्थानों तक साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए हैं।इसी बीच जिला अस्पताल का यह वीडियो सामने आने से प्रशासनिक महकमे में भी हलचल मच गई है।वहीं पूरे प्रकरण पर सीएमएस राजकुमार का कहना है कि सूचना के बाद तत्काल मैं मौके पर पहुंचा था मरीज चक्कर खाकर गिर गया था। इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जिसका इलाज जारी है।