विज्ञान क्विज़ विजेताओं का लखनऊ शैक्षिक भ्रमण, मेट्रो और विज्ञान केंद्र से मिली नई सीख
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर।जनपद के बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित विज्ञान क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से विशेष शैक्षिक भ्रमण कराया गया। विकास क्षेत्र बलरामपुर ग्रामीण के 21 विद्यालयों के लगभग 100 विजेता छात्र-छात्राओं को खंड शिक्षा अधिकारी बलरामपुर अशोक कुमार पाठक के नेतृत्व में लखनऊ ले जाया गया, जहां उन्होंने लखनऊ मेट्रो की यात्रा के साथ विज्ञान आंचलिक केंद्र, अलीगंज का भ्रमण किया।भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने लखनऊ मेट्रो की आधुनिक तकनीक, संचालन प्रणाली और सुरक्षा व्यवस्थाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। विशेषज्ञों ने बच्चों को बताया कि किस प्रकार मेट्रो रेल आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन प्रणाली के रूप में शहरी जीवन को सुगम बना रही है।इसके बाद विद्यार्थियों ने अलीगंज स्थित विज्ञान आंचलिक केंद्र में विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल, प्रयोगों और इंटरैक्टिव प्रदर्शनों को देखा। यहां बच्चों ने विज्ञान के कई सिद्धांतों को प्रयोगात्मक रूप से समझा, जिससे उनमें विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और नवाचार की भावना और अधिक मजबूत हुई।यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए बेहद ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी साबित हुआ। बेसिक शिक्षा विभाग का उद्देश्य है कि विद्यार्थियों को पुस्तक आधारित ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक और तकनीकी अनुभव भी प्राप्त हो, ताकि उनका समग्र बौद्धिक विकास हो सके।इस अवसर पर एआरपी विज्ञान अखिलेश शुक्ला, पंकज पांडेय, महमुदुल, सुदीप, अमित, अकील, अभिषेक, चांदनी, पायल और सिद्धनाथ सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को विभिन्न वैज्ञानिक जानकारियां प्रदान कीं।