एनएसएस शिविर में एसपी ने छात्राओं को दिया सुरक्षा व आत्मनिर्भरता का संदेश
रिपोर्ट – ब्यूरो गोण्डा
गोण्डा।महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने शनिवार को सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कॉलेज में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विशेष शिविर में प्रतिभाग किया।इस अवसर पर एसपी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, आत्मरक्षा और कानून द्वारा महिलाओं को दिए गए अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अपने जीवन का लक्ष्य तय कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में वामासारथी संघ की अध्यक्षा डॉ. तन्वी जायसवाल ने छात्राओं को महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जागरूकता के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
एनएसएस शिविर के छठवें दिन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मौसमी सिंह और डॉ. नीतू सिंह के नेतृत्व में स्वयंसेविकाओं ने महर्षि अरविन्द बाल शिक्षा मंदिर से उपरहितन पुरवा और रानीपुरवा क्षेत्र तक नारी शक्ति जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।भोजनावकाश के बाद आयोजित बौद्धिक कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक अंजनी कुमार दूबे और करूणेश पटेल ने योग के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत ने छात्राओं से महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।