नवरात्रि के पहले दिन देवीपाटन मंदिर पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
सुबह से ही लाइनों में लगकर माता के कर रहे दर्शन, सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
तुलसीपुर, बलरामपुर।नवरात्रि का पहला दिन, आस्था का सैलाब और मां के दरबार में उमड़ा जनसमुद्र… देवीपाटन मंदिर में गुरुवार तड़के 4 बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। पहले दिन ही हजारों भक्तों ने मां आदिशक्ति के दर्शन कर नवरात्रि की शुरुआत की। “जय माता दी” के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा।तुलसीपुर स्थित यह मंदिर देश के 51 शक्तिपीठों में शामिल है और इसकी धार्मिक मान्यता बेहद खास मानी जाती है। मान्यता है कि यहां माता सती का दाहिना कंधा (पाट) गिरा था, जिससे इसका नाम ‘देवीपाटन’ पड़ा। यही कारण है कि यहां दर्शन करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है और भक्त अपनी मनोकामनाएं लेकर दूर-दूर से पहुंचते हैं।
नवरात्रि के मौके पर यहां भव्य मेले का आयोजन होता है, जिसकी शुरुआत पहले ही दिन से हो जाती है। इस बार भी प्रशासन ने मेले को सुव्यवस्थित करने के लिए पूरे परिसर को 12 सेक्टरों में बांटा है। हर सेक्टर में पुलिस बल, महिला सुरक्षा कर्मी और प्रशासनिक अधिकारी तैनात किए गए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम की व्यवस्था की गई है।मंदिर की एक और खासियत इसकी प्राचीन वास्तुकला और आध्यात्मिक वातावरण है, जो श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। यहां नेपाल समेत आसपास के राज्यों से भी बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं। नवरात्रि के नौ दिनों तक यहां आस्था का ऐसा ही सैलाब देखने को मिलता है।जिला प्रशासन के अनुसार, इस दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि हर भक्त बिना किसी परेशानी के मां के दर्शन कर सके।