नवीन चयनित शहरी आशाओं का 8 दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न, प्रमाण पत्र वितरित
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में गुरुवार को राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत नवीन चयनित शहरी आशाओं का आठ दिवसीय आधारभूत प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने प्रतिभागी आशा कार्यकर्ताओं को प्रमाण पत्र वितरित किए।इस मौके पर सीएमओ डॉ. रस्तोगी ने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जो सीधे समुदाय से जुड़कर लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का कार्य करती हैं। उन्होंने नवचयनित आशाओं से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करें तथा अपने-अपने क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने आशाओं को “स्वास्थ्य प्रहरी” बताते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या की जानकारी मिलते ही संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को तत्काल अवगत कराएं और उनके निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।सीएमओ ने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं पर बच्चों के नियमित टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की देखभाल और नवजात शिशुओं की सुरक्षा की अहम जिम्मेदारी होती है। इन दायित्वों का प्रभावी निर्वहन कर ही जनपद में शिशु मृत्यु दर और मातृ मृत्यु दर को कम किया जा सकता है।कार्यक्रम में राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन की नोडल अधिकारी डॉ. मीनाक्षी चौधरी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार चौधरी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) शिवेंद्र मणि त्रिपाठी, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा, प्रशिक्षक राजेंद्र तिवारी, डॉ. अवधेश चौधरी एवं संगीता गुप्ता सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।