बलरामपुर में आकाशीय बिजली गिरने से 30 वर्षीय युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर । शुक्रवार को अचानक बदले मौसम ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज आंधी और गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक 30 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।जानकारी के मुताबिक छोटा धुसाह निवासी तीरथ (30) पुत्र संतराम शुक्रवार को घर से किसी काम के लिए निकले थे। वह अभी घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचे थे कि अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से तीरथ मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। आनन-फानन में उन्हें जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय पुलिस टीम और लेखपाल अमित कुमार तिवारी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।अचानक हुई इस घटना से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।