देवीपाटन दर्शन को जा रहे दो युवकों की सड़क हादसे में मौत, परिवारों में मचा कोहराम
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक गोंडा से चैत्र नवरात्रि में मां पाटेश्वरी देवी मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।जानकारी के मुताबिक, गोंडा के देहात कोतवाली क्षेत्र के चिश्तीपुर गांव निवासी 20 वर्षीय राधेश्याम और करौंधिया गांव निवासी उसका दोस्त 21 वर्षीय चंदन मोटरसाइकिल से बलरामपुर जा रहे थे। जैसे ही वे बलरामपुर-गोंडा मार्ग पर दुल्हिनपुरवा के पास पहुंचे, उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।घटना की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन गोंडा से बलरामपुर के लिए रवाना हो गए और पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। राधेश्याम यादव अपने परिवार का इकलौता सहारा था। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। कुछ महीने पहले ही उसने दर्जीकुंआ चौराहे पर एक छोटा रिकॉर्डिंग स्टूडियो खोलकर परिवार का भरण-पोषण शुरू किया था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।गोंडा देहात कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों युवक बाइक से दर्शन करने जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। बलरामपुर पुलिस से समन्वय कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है।