जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति एवं जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति एवं जिला स्वास्थ्य समिति की संयुक्त बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद में स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में आगामी 01 अप्रैल से 30 अप्रैल तक संचालित विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।जिलाधिकारी ने एचपीवी टीकाकरण विशेष अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि लक्षित वर्ग तक शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस अभियान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने हेतु प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जाए।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित किया जाए। सभी निजी नर्सिंग होम से प्रसव संबंधी डाटा नियमित रूप से प्राप्त किया जाए तथा डाटा उपलब्ध न कराने वाले नर्सिंग होम के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करते हुए पंजीकरण निरस्त किया जाए।साथ ही, उन्होंने शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।बैठक में मातृ मृत्यु की डेथ ऑडिट रिपोर्ट की समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक मामले का गहन विश्लेषण कर कारणों की पहचान करने एवं भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम हेतु प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।समन्वित प्रयासों से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने पर बल।जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य संबंधित उपस्थित रहे।