बलरामपुर वन विभाग की लापरवाही से 17 बकरियों की मौत, तेंदुए का कहर जारी
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर जनपद के बनकटवा खुर्द के मजरा डोडेडीह में वन विभाग की कथित लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। बीती रात तेंदुए ने गांव निवासी स्वामी दयाल के घर में बंधी 17 बकरियों को बेरहमी से मार डाला, जिससे गरीब परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।ग्रामीणों के अनुसार, यह कोई पहली घटना नहीं है। तीन दिन पहले भी तेंदुए ने एक बकरी पर हमला किया था और इसकी सूचना वन विभाग को दी गई थी, लेकिन विभाग ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते कार्रवाई की जाती तो इतनी बड़ी घटना नहीं होती।घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था। लोगों में विभाग के प्रति भारी नाराजगी है और उन्होंने इसे सीधी लापरवाही बताया है।गांव में तेंदुए के लगातार हमलों से दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही तेंदुए को नहीं पकड़ा गया और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।