बलरामपुर में सजेगी सुरों और संस्कृति की महफ़िल: 3 अप्रैल से ‘बलरामपुर महोत्सव-2026’ का भव्य आगाज़
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
तीन दिवसीय उत्सव में गूँजेंगे हेमंत बृजवासी, अल्ताफ राजा और कल्पना पटवारी के सुर
विरासत, संस्कृति और विकास के संगम का साक्षी बनेगा बड़ा परेड ग्राउंड
बलरामपुर।जनपद की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली परंपराओं और विकास की नई उड़ान को प्रदर्शित करने के लिए ‘बलरामपुर महोत्सव-2026’ का भव्य आयोजन आगामी 3 अप्रैल से 5 अप्रैल तक बड़ा परेड ग्राउंड में किया जा रहा है।जिला प्रशासन एवं जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय महोत्सव में कला, संगीत, साहित्य और मनोरंजन का अनूठा समागम देखने को मिलेगा।महोत्सव के तीनों दिन देश के ख्यातिलब्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य स्तर पर होगा। शाम को मालविका हरिओम के गीतों के बाद प्रसिद्ध गायक हेमंत बृजवासी अपनी जादुई आवाज़ से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। इसके साथ ही तृप्ति शाक्या द्वारा सुमधुर ‘भजन संध्या’ और रामायण पर आधारित कथक नृत्य नाटिका विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। यह शाम ‘बॉलीवुड नाइट’ के नाम रहेगी, जिसमें मशहूर गायक अल्ताफ राजा अपनी रूहानी आवाज़ का जादू बिखेरेंगे। साथ ही, अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में डॉ. सुनील जोगी, दिनेश रघुवंशी और अनिल अग्रवंशी जैसे देश के प्रतिष्ठित कवि अपनी रचनाओं से जनता को सराबोर करेंगे।समापन संध्या ‘भोजपुरी नाइट’ के रूप में मनाई जाएगी, जिसमें लोकगायिका कल्पना पटवारी अपनी दमदार प्रस्तुति देंगी। इसके अलावा कुलदीप चौहान, जतिन निगम और अभिषेक राजपूत भी अपनी गायकी से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। हास्य प्रेमियों के लिए सुनील पाल का कॉमेडी शो हंसी के ठहाके लगाएगा।महोत्सव केवल संगीत तक सीमित नहीं है। आयोजन स्थल पर बुक फेयर पुस्तक मेला, विज्ञान प्रदर्शनी, और बच्चों के लिए रोमांचक झूले लगाए गए हैं। आगंतुकों के लिए लजीज व्यंजनों के फूड स्टॉल्स, पपेट शो, लकी ड्रा और शाम को आतिशबाजी व स्काई लालटेन लैंप शो का भी प्रबंध किया गया है।महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह के सत्र में जनपद के विभिन्न विद्यालयों पायनियर पब्लिक स्कूल, सीएमएस, केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय आदि के छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना, लोकनृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच मिलेगा।जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन ने जनपद वासियों से अपील की है कि वे सपरिवार इस उत्सव का हिस्सा बनें और बलरामपुर की संस्कृति व विकास के इस महाकुंभ को सफल बनाएं। महोत्सव प्रतिदिन प्रातः 11:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक आम जन के लिए खुला रहेगा।