निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर व सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन
रिपोर्ट – ब्यूरो गोण्डा
मनकापुर (गोंडा),तहसील मनकापुर में जीवन सेवा संस्थान द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन संस्थापक विनय कुमार तिवारी (एडवोकेट) एवं प्रबंधक ज्योति सिंह के नेतृत्व में हुआ।कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी डॉ. प्रियंका निरंजन एवं पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान डॉक्टर सूर्यकांत मिश्रा, डॉक्टर अमर मिश्रा एवं डॉक्टर आलोक द्विवेदी ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।कार्यक्रम का उद्देश्य गरीब, असहाय एवं दिव्यांगजनों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उन्हें सहायक उपकरण देकर आत्मनिर्भर बनाना रहा। शिविर में करीब 100 लाभार्थियों को वॉकर, छड़ी, कमर बेल्ट, नी कैप, कंधा बेल्ट एवं व्हीलचेयर वितरित किए गए। अधिकारियों ने संस्थान के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु रहीं, जिससे लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई। लाभार्थियों ने इस पहल के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया।अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों—भानु प्रताप मिश्रा, लालचंद शुक्ला, संजय गुप्ता, आशीष सिंह, मनोज उपाध्याय, मोहित सिंह एवं आकाश तिवारी—का धन्यवाद ज्ञापित किया तथा आगे भी ऐसे कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प लिया।