Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

डीएम ने थारू जनजाति छात्रावास का किया निरीक्षण, छात्रों से संवाद कर जाना शैक्षणिक माहौल

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

इंडियन बैंक के सहयोग से नई लाइब्रेरी का शुभारंभ, निर्माणाधीन नए भवन का भी लिया जायजा

बलरामपुर।जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन ने आज थारू जनजाति छात्रावास नगर पालिका बलरामपुर का निरीक्षण कर वहां की शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्रावास में रह रहे छात्रों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।इस अवसर पर जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन एवं इंडियन बैंक के जोनल मैनेजर राजेश भदौरिया द्वारा लीड बैंक इंडियन बैंक के सहयोग से छात्रावास में स्थापित नई लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया।यह लाइब्रेरी छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी में सहायक होगी तथा उन्हें अध्ययन के लिए एक समुचित और प्रेरक वातावरण उपलब्ध कराएगी।जिलाधिकारी ने कहा कि छात्रावास में अध्ययनरत विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, ताकि वे पूरी एकाग्रता और आत्मविश्वास के साथ अपनी पढ़ाई कर सकें तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करें। उन्होंने छात्रों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सिडको द्वारा निर्माणाधीन नए भवन का भी जायजा लिया।नए भवन के निर्माण के उपरांत थारू जनजाति छात्रावास में छात्र संख्या 48 से बढ़कर 100 हो जाएगी। इस पर जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए, ताकि अधिक संख्या में छात्रों को छात्रावास की सुविधा उपलब्ध हो सके।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को छात्रावास में बेहतर शैक्षणिक वातावरण, नियमित अध्ययन व्यवस्था, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा छात्रों की सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनजातीय छात्रों को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा सबसे प्रभावी माध्यम है और प्रशासन इस दिशा में हरसंभव प्रयास कर रहा है।इस दौरान समाज कल्याण अधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.