नहर में उतराता मिला अज्ञात महिला का शव,मची सनसनी
1 min readरिपोर्ट -ब्यूरो चीफ गोण्डा
हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका, छानबीन में जुटी पुलिस
गोण्डा। जनपद के खोंडारे थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बढ़या के समीप शुक्रवार की सुबह सरयू नहर में एक अज्ञात महिला का शव उतराता मिला। महिला का शव देख गांव में सनसनी फैल गयी। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला। पुलिस ने महिला के संबंध में आसपास के लोगों से पूछताछ की लेकिन पहचान नहीं हो सकी। मृतक महिला की उम्र करीब 30 वर्ष के आसपास और वह गर्भ से बताई जा रही है। उसके हाथ पर ऊं लिखा हुआ है तथा नाक से खून भी निकलता मिला है। पुलिस की सूचना पर फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन की कोशिश की है। ग्रामीणों का कहना है कि महिला का शव देखने से लग रहा है कि उनकी हत्या कर शव को नहर में फेंका गया है। फिलहाल महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और उसकी पहचान करने में जुटी है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक मनोज पाठक ने बताया कि शुक्रवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला का शव सरयू नहर में पड़ा हुआ है। सूचना पर वह तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो सरयू नहर में महिला का शव उतरा रहा था। तत्काल शव को बाहर निकाला गया और आसपास के लोगों से उसके पहचान की कोशिश की गयी लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि महिला की उम्र करीब 30 वर्ष के आसपास लग रही है। उसने सलवार सूट पहन रखा था और उसके हाथ पर ऊं लिखा पाया गया है। उसके पहचान की कोशिश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृतका के मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।