Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

परंपरागत रसोई से दूर होगा कुपोषण, 200 सैम बच्चों को बांटी गई पोषण पोटली

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी और सदर विधायक पलटू राम ने माताओं को पौष्टिक आहार अपनाने के लिए किया प्रेरित, बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराने की अपील

बलरामपुर, 26 नवंबर। जनपद में कुपोषण के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से गुरुवार को ‘परंपरा से पोषण’ थीम के तहत विशेष पोषण जागरूकता एवं वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयुक्त की प्रेरणा से आयोजित इस कार्यक्रम में 200 सैम (गंभीर तीव्र कुपोषित) चिन्हित बच्चों और उनकी माताओं को पोषण पोटली वितरित की गई।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी तथा विशिष्ट अतिथि सदर विधायक पलटू राम रहे। इस दौरान जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और बड़ी संख्या में माताएं उपस्थित रहीं।पोषण पोटली में एक लोहे की कढ़ाई, बाल संजीवनी पोषाहार के पांच पैकेट, एक किलो चने का सत्तू, एक किलो गुड़, आयरन-फोलिक एसिड और कैल्शियम की गोलियां, ओआरएस, विटामिन डी एवं जिंक की टैबलेट सहित आवश्यक पोषक और चिकित्सीय सामग्री उपलब्ध कराई गई।मुख्य अतिथि आरती तिवारी ने कहा कि घर की पारंपरिक रसोई और खानपान में पोषण का खजाना छिपा है।स्थानीय खाद्य सामग्री और पौष्टिक भोजन को दैनिक जीवन में शामिल कर बच्चों, गर्भवती महिलाओं और पूरे परिवार के स्वास्थ्य में सुधार किया जा सकता है।वहीं सदर विधायक पलटू राम ने माताओं को बच्चों के खानपान पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सैम श्रेणी में चिन्हित बच्चों को केवल घरेलू पोषण तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें समय से चिकित्सीय देखभाल भी उपलब्ध कराएं। उन्होंने अभिभावकों से ऐसे बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती कराने की अपील की, ताकि उन्हें विशेषज्ञों की निगरानी में समुचित उपचार और पोषण मिल सके।कार्यक्रम के माध्यम से पारंपरिक खानपान को अपनाने, कुपोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पोषण संबंधी संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.