जादू के माध्यम से विद्यार्थियों को किया जागरूक
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
बलरामपुर। ज्ञान शिक्षा निकेतन हाई स्कूल में जनजागरूकता अभियान के तहत इंटरनेशनल जादूगर मिस्टर इंडिया एवं उनकी टीम ने जादू के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम जिलाधिकारी बलरामपुर, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं भारतीय रेड क्रॉस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।जादूगर मिस्टर इंडिया ने आकर्षक जादुई प्रस्तुतियों के जरिए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह की रोकथाम, दहेज प्रथा उन्मूलन, पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रीय एकता, अंधविश्वास से मुक्ति तथा शिक्षा के महत्व पर संदेश दिए। मनोरंजक अंदाज में प्रस्तुत सामाजिक संदेशों ने विद्यार्थियों का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों ने तालियां बजाकर जादूगर एवं उनकी टीम का उत्साहवर्धन किया।इस मौके पर जादूगर मिस्टर इंडिया ने कहा कि जादू मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता का भी प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के प्रति गंभीर रहने, बेटियों का सम्मान करने तथा सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूक रहने की अपील की।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, वैज्ञानिक सोच और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना रहा। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।