Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

सरयू तट पर गूंजे जय श्रीराम के जयकारे, हनुमान जयंती महोत्सव के लिए भरा गया पवित्र जल

रिपोर्ट  -स्कंद दास
अयोध्या धाम। रामनगरी अयोध्या के पवित्र सरयू तट पर शुक्रवार को गोंडा जिले के प्रसिद्ध कटरा कुटी धाम में आयोजित होने वाले 20वें श्रीहनुमान जयंती महोत्सव को लेकर भव्य कलश यात्रा पहुंची।पीठाधीश्वर चिन्मयानंद दास के सानिध्य में पहुंचे श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सरयू का पवित्र जल मंगल कलश में भरा। इस दौरान पूरा सरयू तट जय श्रीराम और जय हनुमान के जयकारों से गूंज उठा।कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। पीले एवं भगवा वस्त्रों में सजी महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण किया, जबकि श्रद्धालु हाथों में भगवा ध्वज लेकर भक्ति गीतों और गाजे-बाजे के साथ आगे बढ़े। सरयू तट पर मुख्य यजमान भाग्यवती देवी ने विधि-विधान से पवित्र जल भरा।इसके बाद श्रद्धालु सरयू जल से भरे कलश लेकर गोंडा स्थित कटरा कुटी धाम रवाना हुए। वहां पीठाधीश्वर चिन्मयानंद दास ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञशाला में कलश स्थापित कराया। उनके सानिध्य में नौ दिवसीय श्रीहनुमान जयंती महोत्सव की धार्मिक परंपराओं का शुभारंभ किया गया।महोत्सव के अंतर्गत 31 अक्टूबर से छह नवंबर तक प्रतिदिन श्रीराम कथा का आयोजन होगा। सात नवंबर को महायज्ञ की पूर्णाहुति, प्रसाद वितरण एवं विशाल भंडारा होगा। नौ नवंबर को अन्नकूट और छप्पन भोग महाप्रसाद के साथ महोत्सव का समापन किया जाएगा।सरयू जल से होगा धार्मिक अनुष्ठान:अयोध्या की पवित्र सरयू का जल लेकर कटरा कुटी धाम पहुंची कलश यात्रा ने दोनों धार्मिक स्थलों की आस्था और आध्यात्मिक परंपरा के जुड़ाव को विशेष रूप से प्रदर्शित किया।

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.