उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल वितरण कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
मुख्यमंत्री ने लखनऊ से किया प्रदेशव्यापी कार्यक्रम का शुभारंभ, जनपद में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थियों ने सुना मुख्यमंत्री का वर्चुअल संबोधन
जनपद की 2,22,954 उज्ज्वला लाभार्थी महिलाओं को मिलेगा निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल योजना का लाभ
बलरामपुर।प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं स्वच्छ ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थी महिलाओं को वित्तीय वर्ष 2026-27 में दो निःशुल्क एलपीजी सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराए जाने की योजना का शुभारंभ आज माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ के लोकभवन सभागार से किया गया।इसी क्रम में जनपद बलरामपुर में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, जिला पूर्ति अधिकारी कुमार निर्मलेन्दु सहित संबंधित विभागीय अधिकारी, गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर लखनऊ में आयोजित माननीय मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं लाभार्थी महिलाओं ने देखा एवं सुना।कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्री हिमांशु गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत जनपद बलरामपुर में कुल 2,22,954 लाभार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें से 1,69,482 लाभार्थियों द्वारा ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है।उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में पात्र उज्ज्वला लाभार्थियों को दो चरणों में निःशुल्क एलपीजी सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराए जाने का निर्णय लिया गया है। प्रथम चरण में अक्टूबर 2026 से दिसंबर 2026 तथा द्वितीय चरण में जनवरी 2027 से मार्च 2027 तक निःशुल्क सिलेंडर रिफिल का लाभ प्रदान किया जाएगा।उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत जिन लाभार्थियों की ई-केवाईसी पूर्ण हो चुकी है, वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निःशुल्क रिफिल का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। शेष लाभार्थियों से भी शीघ्र ई-केवाईसी पूर्ण कराने की अपील की गई, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से लाभान्वित किया जा सके।जनपद स्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की लगभग 150 लाभार्थी महिलाओं को आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री श्याम मनोहर तिवारी द्वारा जनपद की 10 लाभार्थी महिलाओं को उनके बैंक खातों में सब्सिडी हस्तांतरण के प्रतीक स्वरूप चेक की प्रतिकृतियां प्रदान की गईं।इस अवसर पर लाभार्थी महिलाओं को योजना के अंतर्गत मिलने वाले लाभ, गैस सिलेंडर रिफिल प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा ई-केवाईसी की अनिवार्यता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण एवं उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि पूर्व में ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में महिलाएं लकड़ी, उपले एवं अन्य पारंपरिक ईंधनों का उपयोग कर भोजन बनाती थीं, जिससे निकलने वाले धुएं के कारण उन्हें विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। उज्ज्वला योजना के माध्यम से स्वच्छ ईंधन की उपलब्धता ने महिलाओं को धुएं से राहत प्रदान करने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराए जाने से पात्र परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होगा तथा महिलाओं को नियमित रूप से स्वच्छ एवं सुरक्षित ईंधन का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।जिला पूर्ति अधिकारी कुमार निर्मलेन्दु ने बताया कि योजना के अंतर्गत पात्र उज्ज्वला लाभार्थियों को अपनी संबंधित गैस एजेंसी से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार गैस सिलेंडर रिफिल प्राप्त करना होगा।उन्होंने बताया कि लाभार्थियों को सिलेंडर रिफिल प्राप्त करते समय निर्धारित मूल्य का भुगतान करना होगा, जिसके उपरांत लगभग पांच दिनों के भीतर पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में सब्सिडी की धनराशि हस्तांतरित कर दी जाएगी।उन्होंने बताया कि प्रति सिलेंडर कुल 1,013 रुपये की सब्सिडी में 356.17 रुपये केंद्रांश तथा 656.83 रुपये राज्यांश के रूप में सम्मिलित हैं।उन्होंने जनपद की समस्त पात्र उज्ज्वला लाभार्थी महिलाओं से अपील की कि जिनकी ई-केवाईसी अभी तक पूर्ण नहीं हुई है, वे अपनी संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क कर शीघ्र ई-केवाईसी पूर्ण करा लें, ताकि योजना का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को योजना की पात्रता, ई-केवाईसी, सिलेंडर बुकिंग एवं सब्सिडी प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में जागरूक किया गया।जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए गैस एजेंसियों के माध्यम से आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। जिन लाभार्थियों की ई-केवाईसी लंबित है, उन्हें प्रक्रिया पूर्ण कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि योजना का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचे और किसी भी पात्र परिवार को जानकारी के अभाव में योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े।इस अवसर पर मुख्य अतिथि सहित उपस्थित अधिकारियों ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना को महिलाओं की आर्थिक बचत, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं जीवन स्तर में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।कार्यक्रम में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विजय प्रकाश सहाय, अमित कुमार सिंह, जनपद के समस्त छह पूर्ति निरीक्षक, गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाएं उपस्थित रहीं।