संविधान दिवस पर टाइनी टाट्स स्कूल में निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
रिपोर्ट ब्यूरो बलरामपुर
संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों पर छात्र-छात्राओं ने विचारों को लेखनी के माध्यम से किया अभिव्यक्त।
उतरौला (बलरामपुर)। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को टाइनी टाट्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए भारतीय संविधान से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचारों को लेखनी के माध्यम से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना, लोकतांत्रिक व्यवस्था, मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों, समानता, स्वतंत्रता और न्याय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर एक से बढ़कर एक निबंध लिखकर अपनी रचनात्मकता और ज्ञान का परिचय दिया।इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर सैफ अली ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करने के साथ ही हमें अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है।उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों और आदर्शों की जानकारी होना बेहद जरूरी है, क्योंकि आज के विद्यार्थी ही भविष्य में देश के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे। ऐसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों में न केवल लेखन क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल का विकास होता है, बल्कि उनमें देश के लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता के प्रति सम्मान की भावना भी मजबूत होती है।उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान का अध्ययन करने, उसके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा एक जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना भी है।कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान के महत्व को समझने और उसके प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का अवसर मिला। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने संविधान दिवस के आयोजन को सार्थक बनाया।