मधुमक्खियों के झुंड के हमले में कई घायल,बुजुर्ग की मौत
1 min readसंवाददाता -प्रमोद कुमार चौहान
कर्नलगंज, गोण्डा। स्थानीय तहसील क्षेत्र के ग्राम टिकौली डीहा स्थित ब्रह्मचारी स्थान पर कथा सुन रहे परिवार पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला बोल दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। अस्पताल ले जाते समय एक वृद्ध की मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार की सुबह तहसील व कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र के ग्राम मीनापुर निवासी सालिग राम गुप्ता उर्फ फौजी उम्र करीब 85 वर्ष अपने परिवार के साथ सत्यनारायण की कथा सुनने के लिए ग्राम टिकौली डीहा स्थित ब्रह्मचारी स्थान पर गए हुए थे। जहाँ कुछ अन्य लोग भी पहले से ही कथा सुन रहे थे। उसी दौरान अचानक पीपल के पेड़ में छत्ता लगाकर रह रही मधुमक्खियों ने उन सभी पर हमला कर दिया।मधुमक्खियों के इस अचानक हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। मधुमक्खियों के हमले में सालिगराम गुप्ता, उनकी पत्नी अनीता, बेटी सलोनी सहित करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी ले जाया जा रहा था,तभी रास्ते में ही सालिगराम की मौत हो गई। मृतक की पत्नी अनीता देवी व बेटी सलोनी को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है।