झोपड़ी में सिलेंडर ब्लास्ट, तीन घायल, नई बाइक समेत गृहस्थी जलकर राख
रिपोर्ट –
राज कुमार विश्वकर्मा
छपिया (गोंडा): छपिया थाना क्षेत्र के ग्राम सभा महरागौरा में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक झोपड़ी में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर अचानक फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए और आग ने तेजी से रिहायशी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना दोपहर करीब 11 बजे की है, जब श्रवण कुमार पुत्र मायाराम के घर शादी के कार्यक्रम के लिए खाना बन रहा था। इसी दौरान गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया और देखते ही देखते झोपड़ी धू-धू कर जलने लगी। आग की चपेट में पड़ोसी रामउजागर पुत्र बहरैची का मकान भी आ गया।
भीषण आग में श्रवण के बेटे नितेश की शादी में मिली नई अपाचे बाइक, चारा काटने की मशीन, घरेलू सामान, अनाज और शादी में मिला अन्य सामान जलकर खाक हो गया। नितेश की शादी महज एक हफ्ते पहले हुई थी और उसी दिन दुल्हन को विदा कराकर घर लाने की तैयारी चल रही थी।
आग बुझाने के प्रयास में रविन्द्र कुमार (36) पुत्र राम किशोर, आकाश (16) पुत्र श्रवण कुमार और राहुल कुमार पुत्र तिलकराम झुलस गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए छपिया के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। सूचना पर बभनान चौकी प्रभारी घनश्याम वर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।