Rashtriye Samachar

24 X 7 ONLINE NEWS

कर्नलगंज क्षेत्र में पुलिस-वन विभाग की मिलीभगत से हरे-भरे पेड़ों की अवैध कटान जोरों पर

1 min read

रिपोर्ट -ब्यूरो गोण्डा

खुलेआम सड़कों से गुजर रही लकड़ी लदी ट्रालियां,पर्यावरण संकट गहराया

कर्नलगंज,गोंडा। एक तरफ जहां देश भर में हरियाली बचाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए बड़े-बड़े अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कर्नलगंज थाना क्षेत्र में प्रशासन की नाक के नीचे हरे-भरे पेड़ों की अवैध कटान का घिनौना खेल धड़ल्ले से चल रहा है।

वन माफियाओं का तांडव, जिम्मेदार मौन

कर्नलगंज कस्बे के परसपुर रोड, कटरा रोड, हुजूरपुर रोड और उससे सटे इलाकों में प्रतिदिन गूलर और सागौन जैसे प्रतिबंधित पेड़ों की भारी मात्रा में कटान कर ट्रैक्टर ट्रालियों के जरिए उनकी ढुलाई खुलेआम की जा रही है। यह ट्रैक्टर ट्रालियां बेखौफ होकर थाना क्षेत्रों और चौक-चौराहों से गुजर रही हैं,मानो उन्हें किसी का कोई भय नहीं।

सवालों के घेरे में पुलिस व वन विभाग।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पूरा धंधा पुलिस और वन विभाग की मिलीभगत से चल रहा है। हैरानी की बात यह है कि चौकी-थानों के सामने से लकड़ी लदी ट्रालियां दिन-दहाड़े गुजर रही हैं, लेकिन कहीं भी कोई रोक-टोक नहीं हो रही। इससे स्पष्ट होता है कि जिम्मेदार अधिकारी या तो इस पूरे गोरखधंधे में संलिप्त हैं या फिर जानबूझकर आंखें मूंदे हुए हैं। इस अवैध कटान से क्षेत्र में हरियाली तेजी से खत्म हो रही है। गूलर और सागौन जैसे पेड़ न केवल पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में मदद करते हैं, बल्कि ग्रामीण आजीविका और जैव विविधता का भी आधार होते हैं। इनकी अंधाधुंध कटाई से पर्यावरणीय असंतुलन गहराता जा रहा है।

शासन-प्रशासन बना मूकदर्शक।

इस पेड़ कटाई के अवैध कारोबार पर अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं होना भी अपने आप में कई सवाल खड़े करता है। क्या यह वन विभाग की मिलीभगत नहीं तो और क्या है? आखिर कब तक वन माफियाओं की यह मनमानी चलेगी? कब तक हरे-भरे पेड़ यूं ही कटते रहेंगे और शासन-प्रशासन मूकदर्शक बना रहेगा?

Leave a Reply

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.