जन चौपाल में गूंजीं ग्रामीणों की समस्याएं, डीडीओ ने दिए समाधान के निर्देश
रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर
सादुल्लानगर/बलरामपुर। विकासखंड रेहरा बाजार के ग्राम गुमा फातिमा जोत में आयोजित समग्र जन चौपाल में जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। चौपाल में आंगनबाड़ी, शिक्षा, पेंशन और ग्रामीण विकास योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।डीडीओ ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार एवं राशन वितरण की स्थिति की जानकारी ग्रामीणों से ली और योजनाओं के प्रभावी संचालन पर जोर दिया। वहीं स्कूल चलो अभियान की समीक्षा करते हुए विद्यालय से दूर बच्चों का नामांकन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।ग्राम प्रधान रमेश गुप्ता ने वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन से जुड़ी समस्याएं उठाते हुए 110 पात्र लाभार्थियों के लिए पेंशन की मांग रखी। इस पर डीडीओ ने पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री आवास योजना से जोड़ने की जानकारी दी।चौपाल में बीडीओ बिमला चौधरी, सचिव अरविंद कुमार, एडीओ पंचायत दिनेश कुमार समेत अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।